मध्य प्रदेश में एक चरण में 17 नवंबर को वोटिंग होनी है. तीन दिसंबर को अन्य चार चुनावी राज्यों के साथ मध्य प्रदेश के भी नतीजों की घोषणा होगी. 

भोपाल. मध्य प्रदेश चुनाव में राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को विपक्षी कांग्रेस पर तीखा निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों की नाकामी को बीजेपी शासित राज्यों पर थोपने में लगे हैं.शिवराज ने मीडिया से बातचीत में कहा-प्रियंका और राहुल दोनों भाई-बहन लगातार झूठ बोल रहे हैं और इस कदर झूठ बोल रहे हैं कि कांग्रेस शासित प्रदेशों की नाकामियां और घोटाले दूसरे राज्यों की सरकारों पर मढ़ देते हैं.

राहुल-प्रियंका से पूछे सवाल
शिवराज सिंह ने सवालिया लहजे में पूछा-गांधी परिवार किस मुंह से भ्रष्टाचार की बात करता है. 2जी घोटाला, 3जी घोटाला, 4जी घोटाला, जीजा जी घोटाला किसने किया, क्या दुनिया नहीं जानती? जो लोग बेल पर चल रहे हैं. वो भ्रष्टाचार के आरोप किस मुंह से लगा रहे हैं. जहां-जहां कांग्रेस की सरकारें हैं, वो भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है.

प्रियंका पर साधा निशाना
चौहान ने प्रियंका गांधी को याद दिलाते हुए कहा कि जब यहां 15 महीने का शासन कांग्रेस का था तब कितने घपले, घोटाले और भ्रष्टाचार हुए. किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर प्रियंका द्वारा दिए गए बयान का जिक्र करते हुए चौहान ने कहा कि प्रियंका गांधी, आपको एमएसपी कितनी देंगे, कितनी बढ़ाएंगे ये भी याद नहीं रहता. कभी कागज पढ़ती हो, कभी भूल जाती हो, आपको तो रटना पड़ता है, तब आप दिखा पाती हैं और बता पाती हैं.

बता दें कि मध्य प्रदेश में एक चरण में 17 नवंबर को वोटिंग होनी है. तीन दिसंबर को अन्य चार चुनावी राज्यों के साथ मध्य प्रदेश के भी नतीजों की घोषणा होगी.