‘बिग बॉस 17’ में 30 अक्टूबर के एपिसोड में बड़ा बवाल हो गया। विक्की जैन ने ऐश्वर्या शर्मा और नील भट्ट के शादीशुदा रिश्ते पर लेकर कुछ कमेंट कर दिया। इससे ऐश्वर्या भड़क गईं। दोनों के बीच खूब झगड़ा हुआ। बाद में नील और विक्की के बीच भी बवाल हुआ। पढ़िए ‘बिग बॉस 17’ में 30 अक्टूबर के एपिसोड में क्या कुछ हुआ।

हाइलाइट्स

  • ‘बिग बॉस 17’ में 30 अक्टूबर के एपिसोड में बड़ा बवाल हो गया। विक्की-ऐश्वर्या की लड़ाई हुई
  • विक्की ने ऐश्वर्या और नील भट्ट के शादीशुदा रिश्ते पर लेकर कुछ कमेंट कर दिया और वो भड़कीं
  • उधर ईशा ने मन्नारा को लेकर विक्की के कान भर दिए, और विक्की मन्रारा से लड़ने पहुंच गए

‘बिग बॉस 17’ का वीकेंड का वार काफी धमाकेदार रहा। समर्थ जुरेल की एंट्री जहां ईशा मालवीय और अभिषेक के बीच खूब तांडव मचा, वहीं खुद समर्थ ने भी खूब कोहराम मचाया। समर्थ की अभिषेक के साथ लड़ाई हुई, और ईशा से भी काफी बहस हुई। अब 30 अक्टूबर के एपिसोड में जबरदस्त हंगामा देखने को मिलने वाला है। दरअसल विक्की जैन और ऐश्वर्या शर्मा के बीच भयंकर लड़ाई हो जाती है। मेकर्स ने नए एपिसोड का प्रोमो रिलीज किया था। जहां एक तरफ ईशा और अभिषेक का झगड़ा हुआ, दूसरी ओर ऐश्वर्या और विक्की जैन भी आपस में भिड़ गए।

दरअसल विक्की ने ऐश्वर्या के पति नील पर कुछ कमेंट कर दिया था। ‘बिग बॉस 17’ में 30 अक्टूबर के एपिसोड में क्या कुछ हुआ, यहां पढ़िए सारे अपडेट्स:

विक्की का कमेंट, ऐश्वर्या को आया गुस्सा

विक्की जैन, नील से कहते हैं कि तूने डेटिंग के टाइम पर बोल दिया था कि ऐसे करते हुए अच्छी लगती है। नील कहते हैं कि डेटिंग की नहीं, सीधा शादी की थी। विक्की खूब मजाक उड़ाते हैं, जिस पर ऐश्वर्या को गुस्सा आ जाता है, और वह वहां से उठकर चली जाती हैं। लेकिन विक्की बाज़ नहीं आते और नील के साथ मिलकर ऐश्वर्या का मजाक उड़ाते रहते हैं। ऐश्वर्या फिर विक्की से कहती हैं कि जब अपनों के घर कांच के हों तो दूसरों के घर पर पत्थर नहीं फेंकने चाहिए।

अंकिता ने सुशांत सिंह राजपूत के बारे में की बात

उधर खानज़ादी की अरुण और सनी तहलका के साथ लड़ाई हो जाती है। अरुण खानजादी को चेतावनी देते हैं कि वह बार-बार न तो बीच में घुसें और न ही उकसाने की कोशिश करें। बाद में अंकिता लोखंडे, सुशांत सिंह राजपूत का नाम लिए बिना उनके साथ रिश्ते के बारे में बात करती हैं। अंकिता बताती हैं कि सुशांत के जाने से वह और उनका परिवार बुरी तरह टूट गया था। वह शो की शुरुआत से ही सुशांत को डेट कर रही थीं और सात साल डेट किया। अंकिता ने सुशांत की मौत के बाद खुद को लेकर हुई ट्रोलिंग पर भी बात की। अंकिता ने यह भी बताया कि कब उन्हें लगा कि सुशांत के साथ उनके रिश्ते का द एंड है। अंकिता के मुताबिक, उन्हें सुशांत की आंखों में दिख गया था कि अब प्यार खत्म हो चुका है। फिर उन्होंने विक्की जैन से तुलना की और कहा कि वह गुस्सा भी करते हैं तो आंखों में प्यार दिखता है। विक्की उनकी दुनिया है।

ऐश्वर्या को मनाने लगे नील, पर हो गई बहस

उधर ऐश्वर्या नाराज बैठी थीं, तो नील उन्हें मनाने की कोशिश करते हैं। ऐश्वर्या, नील से पूछती हैं कि वह विक्की की सारी बातें क्यों सुन रहे थे। विक्की की खुद की शादी का ठिकाना नहीं है, तो वह दूसरों पर क्यों कमेंट कर रहा था। लेकिन उनके बीच ही बहस हो जाती है। ऐश्वर्या, नील का मजाक उड़ाने लगते हैं तो उन्हें बुरा लग जाता है। ऐश्वर्या, नील से कहती हैं कि अगर उन्हें इतना बुरा लग रहा है तो वह उनके साथ न रहें। ऐश्वर्या फिर सबके सामने चिल्लाकर नील को शट अप बोल देती हैं।